Aapka Rajasthan

'कानून-व्यवस्था ध्वस्त, सीएम को सिर्फ अपनी पहचान की चिंता', मुख्यमंत्री योगी के बयान पर सपा सांसद का जवाब

अयोध्या, 15 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह कानून व्यवस्था ध्वस्त है, हत्याएं और बलात्कार हो रहे हैं, उसकी चिंता मुख्यमंत्री को नहीं है। वे सिर्फ इस चिंता में हैं कि उनकी पहचान खत्म न हो।
 

अयोध्या, 15 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह कानून व्यवस्था ध्वस्त है, हत्याएं और बलात्कार हो रहे हैं, उसकी चिंता मुख्यमंत्री को नहीं है। वे सिर्फ इस चिंता में हैं कि उनकी पहचान खत्म न हो।

मुख्यमंत्री योगी के 'आपसी बंटवारे ने विदेशी आक्रांताओं को अवसर दिए' वाले बयान पर अवधेश प्रसाद ने आईएएनएस से कहा, "आज तक कुछ भी काम नहीं हुआ है। जिस तरह कानून व्यवस्था ध्वस्त है, हत्याएं और बलात्कार हो रहे हैं, उसकी चिंता मुख्यमंत्री को नहीं है। वे सिर्फ इस चिंता में हैं कि उनकी पहचान खत्म न हो।"

सपा सांसद ने कहा, "लोकतंत्र पर गंभीर खतरा है। हम विपक्षी नेताओं का यह कर्तव्य बनता है कि लोकतंत्र को बचाया जाए। इस लोकतंत्र को बचाने के लिए पूरी मजबूती के साथ संघर्ष चल रहा है। जब तक चुनाव आयोग अपनी विचारधारा से नहीं हटेगा और सीईसी का इस्तीफा नहीं होता है, तब तक विपक्ष मजबूती के साथ संघर्ष करता रहेगा।"

राहुल गांधी पर भाजपा नेता स्मृति ईरानी की टिप्पणी को लेकर सपा सांसद ने कहा, "स्मृति ईरानी जैसे भाजपा के लोगों पर जनता का विश्वास खत्म हो गया है। वो अब बोलने लायक नहीं हैं। उनकी बातों में कोई दम नहीं है।"

स्मृति ईरानी ने पिछले दिन अपने बयान में कहा कि जो व्यक्ति(राहुल गांधी) अमेठी में अपने दम पर चुनाव नहीं लड़ सकता, वह दिल्ली में 14 राजनीतिक दलों का आह्वान कर रहा है कि उन्हें शहंशाह बनाया जाए।

समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "तीनों विधायकों ने बहुत पहले ही अपना रिश्ता तोड़ दिया था और पार्टी भी उन्हें अपना विधायक नहीं मानती थी।"

वहीं, उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए सपा सांसद ने कहा, "यह अच्छा निर्णय है और मैं इस फैसले का पूरी तरह स्वागत करता हूं।"

--आईएएनएस

डीसीएच/