कलवकुंतला कविता ने तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर में किए दर्शन, कहा- सच बोलने वालों के साथ भगवान
तिरुपति, 6 मार्च (आईएएनएस)। कलवकुंतला कविता हाल ही में कोर्ट से राहत मिलने के बाद शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। कविता ने बताया कि वह खास तौर पर भगवान का शुक्रिया अदा करने के लिए यहां आई हैं, क्योंकि पिछले कुछ साल उनके लिए काफी मुश्किल भरे रहे।
कलवकुंतला कविता ने कहा कि पूरे देश ने देखा है कि पिछले चार सालों में उन्हें किस तरह राजनीतिक रूप से निशाना बनाया गया। उनका कहना है कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई और उनका नाम ऐसी चीजों में घसीटा गया जिनसे उनका कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने कहा कि हमेशा से उनका विश्वास सच और भगवान पर रहा है और आखिरकार उन्हें न्याय मिला है।
दरअसल, कविता का नाम पहले दिल्ली आबकारी नीति मामले में सामने आया था। इस मामले में जांच के दौरान उनसे पूछताछ भी हुई थी। हालांकि अब कोर्ट से राहत मिलने के बाद उन्होंने कहा कि सच्चाई की जीत हुई है और उन्हें भरोसा था कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा।
मंदिर में दर्शन के बाद कविता ने बताया कि उन्होंने भगवान के दर्शन के लिए सातों पहाड़ियों की चढ़ाई भी की। उन्होंने कहा कि जब इंसान सच के रास्ते पर चलता है तो भगवान उसका साथ जरूर देते हैं। उनका मानना है कि कठिन समय में भी उन्हें ईश्वर का आशीर्वाद मिलता रहा और इसी वजह से वे मजबूत होकर इस दौर से निकल पाईं।
इस मौके पर कविता ने एक बड़ा राजनीतिक ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में वह तेलंगाना में एक नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने की योजना बना रही हैं। वह लोगों की सेवा करना चाहती हैं और राज्य की राजनीति में एक नई दिशा देने की कोशिश करेंगी।
कविता ने कहा कि वह सिर्फ अपने लिए नहीं बल्कि अपने राज्य और देश के लोगों के लिए काम करना चाहती हैं। उन्होंने देश की जनता से भी आशीर्वाद और समर्थन की अपील की। जिस तरह से उनका नाम बदनाम करने की कोशिश हुई, उसे पूरे देश ने देखा है लेकिन अब वह आगे बढ़कर जनता की सेवा करना चाहती हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीयूष
