कई देशों में 'चाइनीज ब्रिज' प्रतियोगिता का आयोजन
बीजिंग, 26 मई (आईएएनएस)। हाल ही में श्रीलंका, वियतनाम, फिलीपींस, रवांडा, सूडान और अन्य देशों में "चाइनीज ब्रिज" चीनी भाषा प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें चीनी भाषा संचार और मित्रता के बंधन के रूप में उभरी।
24 मई को, कोलंबो में 19वीं "चाइनीज ब्रिज" विश्व माध्यमिक विद्यालय चीनी भाषा दक्षता प्रतियोगिता के श्रीलंका प्रतियोगिता क्षेत्र का फाइनल आयोजित किया गया। इस वर्ष श्रीलंका में आयोजित प्रतियोगिता में देश भर से 157 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जो प्रतियोगिता की शुरुआत से अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। गैले सदर्न सेकेंडरी स्कूल की डैफ्ने रुवन्या कलानसुरिया ने चैंपियनशिप जीती और चीन में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पात्रता प्राप्त की।
अपने संबोधन में, श्रीलंका के प्रधानमंत्री के सचिव प्रदीप सपुतंत्री ने कहा कि वे अधिक से अधिक युवा श्रीलंकाई छात्रों को सक्रिय रूप से चीनी भाषा सीखते और चीनी संस्कृति को समझते हुए देखकर प्रसन्न हैं। उन्होंने छात्रों को चीनी भाषा सीखने के प्रति उत्साह बनाए रखने, श्रीलंका और चीन के बीच मित्रता के राजदूत बनने और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी समझ और लाभकारी सहयोग को बढ़ावा देने में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
श्रीलंका में चीनी दूतावास की काउंसलर ची लिली ने अपने संबोधन में कहा कि चीनी भाषा सीखने से छात्र न केवल एक नई भाषा में निपुणता प्राप्त करते हैं, बल्कि अंतर-सांस्कृतिक संचार कौशल भी विकसित करते हैं, जिससे उनके भविष्य के विकास के लिए व्यापक संभावनाएं खुलती हैं।
इसके साथ वियतनाम, फिलीपींस, रवांडा, सूडान में भी "चाइनीज ब्रिज" प्रतियोगिता आयोजित की गई।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
