बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम हुआ 'नीतीश सेतु', एनडीए ने बताया सम्मान, राजद ने कसा तंज
नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर के नवनिर्मित छह लेन गंगा पुल का नाम बदलकर 'नीतीश सेतु' कर दिया है। इस फैसले को लेकर बिहार के राजनीतिक गलियारों में प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। राज्य सरकार के मंत्रियों, भाजपा नेताओं और जेडीयू पदाधिकारियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे नीतीश कुमार के योगदान का सम्मान बताया है। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल के विधायक रणविजय साहू ने इस फैसले को लेकर अलग टिप्पणी की।
नालंदा में मंत्री श्रवण कुमार ने पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखने के फैसले पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी ने विचारपूर्ण और सराहनीय निर्णय लिया है। इसके लिए वह उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। श्रवण कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बधाई देते हुए कहा कि वह पुल का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने इस निर्णय को सम्मानजनक कदम बताया।
पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि बिहार में विकास की शुरुआत उस दौर में नीतीश कुमार ने की थी, जब राज्य पूरी तरह ठहराव की स्थिति में था। बिहार को अराजकता और 'जंगलराज' वाली सरकार से निकालकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने में पूर्व मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज यदि किसी पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है, तो इससे बिहार का हर नागरिक गौरव महसूस करता है। नितिन नवीन ने इसे राज्य के विकास में उनके योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
बिहार सरकार के इस फैसले के लिए रामकृपाल यादव ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री को विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने राघोपुर को जोड़ने के लिए इतने बड़े पुल का निर्माण कराया और उसका नाम 'नीतीश सेतु' रखा। उन्होंने कहा कि वह सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति दिल से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने बिदुपुर के पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने के निर्णय को भी सराहनीय बताया।
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बिहार आ रहे हैं। राजापाकर इंडस्ट्रियल पार्क के पास स्थित छह लेन कच्ची दरगाह पुल को बिहार सरकार ने 'नीतीश सेतु' नाम दिया है। उन्होंने इस फैसले को जेडीयू के लिए खुशी और उत्सव का विषय बताया।
मुंबई में जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि राघोपुर-बिदुपुर पुल का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' के रूप में किया जाना 21 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी के हाथों संपन्न होना तय हुआ है। उन्होंने इसे बिहार के लिए भावनात्मक क्षण बताते हुए कहा कि यह राज्य के 13 करोड़ लोगों के लिए गर्व की अनुभूति का अवसर है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में 21 नवंबर को प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कच्ची दरगाह, राघोपुर और बिदुपुर को जोड़ने वाले छह लेन पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखा गया है। सरावगी ने कहा कि नीतीश कुमार का बिहार के विकास और 'जंगलराज' से सुशासन स्थापित करने में अहम योगदान रहा है। पुल-पुलिया, सड़क और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उनके कार्यों ने राज्य को मजबूत आधार दिया। इसी योगदान को देखते हुए बिहार सरकार ने पुल का नाम उनके नाम पर रखने का निर्णय लिया है।
दूसरी ओर, आरजेडी विधायक रणविजय साहू ने इस फैसले को लेकर राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार काफी परेशान हैं। भाजपा ने जिस तरह एक जीते हुए एमएलसी उम्मीदवार को अपनी पार्टी में शामिल किया, उससे गठबंधन धर्म के सामने संकट पैदा हुआ है। रणविजय साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रधानमंत्री मोदी नीतीश कुमार को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी
