Aapka Rajasthan

कच्छ में एसीबी का छापा, हेड कांस्टेबल 70 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया

कच्छ, 8 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिमी कच्छ के कोडाई पुलिस स्टेशन में भुज एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए एक पुलिस हेड कांस्टेबल को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपुलभाई दलजीभाई चौधरी (32) के रूप में हुई है।
 

कच्छ, 8 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिमी कच्छ के कोडाई पुलिस स्टेशन में भुज एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए एक पुलिस हेड कांस्टेबल को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपुलभाई दलजीभाई चौधरी (32) के रूप में हुई है।

शिकायतकर्ता के खनिज से लदे डंपर वाहनों को कोडाई पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 के तहत जब्त किया था। इस संबंध में भुज खनिज विभाग और अदालत को भी रिपोर्ट भेजी गई थी। मामले की जांच हेड कांस्टेबल विपुलभाई चौधरी कर रहे थे।

शिकायतकर्ता ने जब्त वाहनों को छुड़ाने के लिए भुज के भूविज्ञानी और मांडवी अदालत से आवश्यक आदेश प्राप्त कर लिए थे। आरोप है कि इन आदेशों के आधार पर वाहन छुड़ाने के लिए जब शिकायतकर्ता पुलिस स्टेशन पहुंचा तो हेड कांस्टेबल ने उससे 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी।

बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 2 लाख से घटाकर 1 लाख रुपए तय हुई थी। शिकायतकर्ता पहले ही 30 हजार रुपए दे चुका था। शेष 70 हजार रुपए देने के बाद डंपर की चाबियां सौंपने की बात तय हुई थी। हालांकि शेष 70 हजार रुपए की रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने भुज एसीबी से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर एसीबी ने कोडाई पुलिस स्टेशन में रिश्वत पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

एसीबी की योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल विपुलभाई चौधरी को शिकायतकर्ता से 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। मौके से रिश्वत की पूरी 70 हजार रुपए की रकम भी बरामद की गई। इस पूरी कार्रवाई को भुज एसीबी के पुलिस इंस्पेक्टर जेजे चौधरी और उनकी टीम ने अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी