काम से ब्रेक लेकर मालदीव पहुंचे करण टैकर, शेयर की वेकेशन की खूबसूरत तस्वीरें
मुंबई, 24 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता करण टैकर हाल ही में काम से समय निकाल कर मालदीव में वैकेशन मनाने गए। गुरुवार को अभिनेता ने अपनी इस वैकेशन की झलक पोस्ट कीं, जिसमें आइलैंड की खूबसूरत लोकेशन पर बिताए समय की एक झलक दिखी।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वह अपनी इस छोटी सी छुट्टी का भरपूर मजा लेते नजर आ रहे हैं और अपने काम पर वापस जाने से पहले शांत माहौल का लुत्फ उठा रहे हैं।
पहली तस्वीर में करण टैकर हरियाली के बीच रिलैक्स पोज देते हुए ट्रॉपिकल वाइब का मजा ले रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में एक्टर खूबसूरत बीच के नजारों का लुत्फ उठाते दिख रहे हैं, जहां नीला समंदर और शांत माहौल छुट्टियों के लिए एकदम परफेक्ट बैकग्राउंड बना रहा है। छुट्टी की तस्वीरें शेयर करते हुए करण ने लिखा, "कैमरा रोल होने से पहले एक छोटी सी छुट्टी।"
करण टैकर के काम की बात करें तो उनको लोकप्रियता टीवी शो 'एक हजारों में मेरी बहना है' से मिली। इस शो ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई और टीवी जगत के चर्चित कलाकारों में उनकी गिनती होने लगी।
बाद में उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी अलग पहचान बनाई। चर्चित जासूसी सीरीज 'स्पेशल ऑप्स' में उन्होंने एक गुप्त खुफिया अधिकारी की भूमिका निभाई, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया।
इसके बाद वह 'स्पेशल ऑप्स 1.5: द हिम्मत स्टोरी' में भी उसी किरदार में नजर आए। साल 2022 में उन्होंने 'खाकी: द बिहार चैप्टर' में आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा की भूमिका निभाकर खूब सराहना बटोरी। हाल ही में करण टैकर रहस्य और रोमांच से भरपूर सीरीज 'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' में दिखाई दिए।
यह एक पैरानॉर्मल थ्रिलर सीरीज है जो भारत के पहले पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर (गौरव तिवारी) के जीवन और उनकी रहस्यमय मौत पर आधारित है। सीरीज में दिखाया गया है कि कैसे गौरव तिवारी पहले एक पेशेवर पायलट बनना चाहते थे, लेकिन विदेशों में कुछ अजीब घटनाओं और अनुभवों के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया और उन्होंने 'इंडियन पैरानॉर्मल सोसायटी' की स्थापना की। इसमें करण टैकर गौरव तिवारी की भूमिका में हैं और उनके साथ कल्कि कोचलिन भी नजर आई हैं।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी
