'काली खेती' का ट्रेलर रिलीज, ग्रामीण लोककथा पर आधारित हॉरर फिल्म में दिखेगा खूनी खेल
मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की अपकमिंग साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म 'काली खेती' के मेकर्स ने गुरुवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह फिल्म कृषि और जमीन से जुड़े खौफ पर आधारित होगी।
अभिनेता जैकी श्रॉफ और शरद केलकर समेत सभी कलाकारों ने ट्रेलर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।
ट्रेलर में एक रहस्यमयी दुनिया की झलक देखने को मिलती है। जैकी श्रॉफ और शरद केलकर स्टारर ये फिल्म ग्रामीण लोककथाओं, डरावने रहस्यों और अलौकिक ताकतों पर आधारित एक हटकर हॉरर अनुभव देने का वादा करती है। ट्रेलर दर्शकों को एक डरावने गांव से मिलवाता है, जहां वही जमीन जो जिंदगी देती है, वो एक खौफनाक राज छिपाए हुए लगती है।
फिल्म का ट्रेलर एक ऐसे गांव में ले जाता है, जहां खेत खुशहाली और रोजी-रोटी का प्रतीक होने के बजाय डर और रहस्य का कारण बन जाते हैं।
पारंपरिक हॉरर कहानियों से हटकर, 'काली खेती' एक अलग कहानी दिखाती है, जिसमें खेती और ज़मीन से जुड़ा इतिहास इसके साइकोलॉजिकल हॉरर के केंद्र में है।
इसमें एक ऐसा समुदाय दिखाया गया है जो एक डरावनी ताकत की गिरफ्त में है। ये ताकत गांव वालों की जिंदगी को प्रभावित करती है। जैकी श्रॉफ और शरद केलकर अपने-अपने किरदारों में जबरदस्त इंटेंसिटी लेकर आए हैं, जो फिल्म के डरावने माहौल को और गहरा और दिलचस्प बनाते हैं।
जैकी श्रॉफ और शरद केलकर अपने-अपने किरदारों में जबरदस्त इंटेंसिटी लेकर आए हैं, जो फिल्म के डरावने माहौल को और गहरा और दिलचस्प बनाते हैं।
हारिस इम्तियाज खान द्वारा निर्देशित और लिखित फिल्म को सना खान ने प्रोड्यूस किया है। इसमें जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम, वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। ब्लैककैनवास स्टूडियो के बैनर तले बनी 'काली खेती' 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
--आईएएनएस
एनएस/एएस
