Aapka Rajasthan

राघव चड्ढा को ज्यादा बोलने का खामियाजा भुगतना पड़ा: अजय राय

लखनऊ, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय ने आम आदमी पार्टी (आप) से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा को ज्यादा बोलने का खामियाजा भुगतना पड़ा है।
 
राघव चड्ढा को ज्यादा बोलने का खामियाजा भुगतना पड़ा: अजय राय

लखनऊ, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय ने आम आदमी पार्टी (आप) से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा को ज्यादा बोलने का खामियाजा भुगतना पड़ा है।

लखनऊ में अजय राय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम है। मैं अरविंद केजरीवाल को 2014 से जानता हूं, जब वे वाराणसी से लोकसभा का चुनाव लड़े थे। वह पूरी तरह से भाजपा के साथ मिले हुए हैं। राघव चड्ढा ने भाजपा के खिलाफ कुछ ज्यादा बोल दिया, इसीलिए उन्हें हटा दिया गया है।

महिला आरक्षण बिल को लेकर यूपी कांग्रेस चीफ ने कहा कि सरकार उस समय यह बिल ला रही है, जब कई राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं। मुझे लगता है कि ऑल पार्टी मीटिंग के बाद निर्णय लेना चाहिए था, लेकिन भाजपा हर चीजों को चुनाव से जोड़कर देखती है। उन्होंने कहा कि सरकार की चाल को जनता समझ चुकी है।

मालदा कांड पर अजय राय ने कहा कि प्रदेश की सरकार अपना काम कर रही है, लेकिन भाजपा लोगों को बांटने का काम कर रही है। भाजपा की पुरानी नीति रही है कि लोगों के बीच फूट डालो और राज करो।

उन्होंने एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी के मियां वाले बयान पर कहा कि पूरे देश के मुसलमान कांग्रेस के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं। राष्ट्र के लिए कोई लड़ रहा है या फिर मजबूती के साथ आवाज उठा रहा है तो वह सिर्फ राहुल गांधी ही हैं।

बता दें कि राघव चड्ढा के मामले में राजनीति तेज हो गई है। राघव ने एक वीडियो जारी कर कहा कि खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं।

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह आम आदमी के मुद्दों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

चड्ढा ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि उन्होंने हमेशा आम जनता से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एयरपोर्ट पर महंगे खाने का मुद्दा हो, या फिर ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जैसे स्विग्गी और जोमैटो के डिलीवरी कर्मचारियों से जुड़ी समस्याएं—इन सभी विषयों को उन्होंने गंभीरता से उठाया। इसके अलावा, बैंकिंग सेक्टर में आ रही दिक्कतें और टोल प्लाजा पर आम लोगों को हो रही परेशानियों को भी उन्होंने संसद में बार-बार उठाया।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी