Aapka Rajasthan

विमेंस डीपीएल: शिवी की नाबाद अर्धशतकीय पारी, स्ट्राइकर्स ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत

नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के तीसरे मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को 10 रन से मात दी। सीजन में लगातार दूसरी जीत के बाद स्ट्राइकर्स ने प्वाइंट्स टेबल में पहला स्थान मजबूत कर लिया है। वहीं, 2 में से 1 मैच गंवाकर सुपरस्टार्स दूसरे पायदान पर है।
 

नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के तीसरे मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को 10 रन से मात दी। सीजन में लगातार दूसरी जीत के बाद स्ट्राइकर्स ने प्वाइंट्स टेबल में पहला स्थान मजबूत कर लिया है। वहीं, 2 में से 1 मैच गंवाकर सुपरस्टार्स दूसरे पायदान पर है।

शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 141 रन बनाए। शिवी शर्मा ने उपासना यादव के साथ पहले विकेट के लिए 75 गेंदों में 84 रन की साझेदारी की। उपासना 42 गेंदों में 7 चौकों के साथ 43 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।

इसके बाद शिवी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कप्तान आयुषी सोनी के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 48 रन जुटाते हुए टीम को 132 के स्कोर तक पहुंचाया। आयुषी 19 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद टीम ने 20वें ओवर की अंतिम दो गेंदों पर नजमा (1) और अर्चना (1) के विकेट भी गंवा दिए।

शिवी ने 54 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाए, उनकी इस पारी में 9 चौके भी शामिल रहे। विपक्षी खेमे से रूपाली मोहन ने 25 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि दीक्षा नागर ने 20 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स निर्धारित ओवरों में 5 विकेट गंवाकर 131 रन ही बना सकी। इस टीम को तीसरी गेंद पर ही निशिका सिंह (0) के रूप में झटका लग गया था। इसके बाद तनिष्का सिंह ने प्रिया पुनिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 रन जोड़े।

प्रिया 10 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद तनिष्का ने कप्तान श्वेता सेहरावत के साथ तीसरे विकेट के लिए 35 रन जुटाकर टीम को जीत की पटरी पर ला दिया था, लेकिन टीम रनों की रफ्तार में तेजी नहीं ला सकी। तनिष्का ने 44 गेंदों में 6 चौकों के साथ 46 रन की पारी खेली, जबकि श्वेता ने 27 रन और तनीशा सिंह ने 24 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से नजमा ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए। रशिका बेनीवाल, अपेक्षा आनंद और प्रिया मिश्रा ने 1-1 विकेट चटकाया।

--आईएएनएस

आरएसजी