जेपीएससी घोटाला: पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते से दूसरे दिन भी सीआईडी की पूछताछ, विदेश यात्राओं पर सवाल, पासपोर्ट जब्त
रांची, 29 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड लोक सेवा आयोग की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते से सीआईडी बुधवार को लगातार दूसरे दिन पूछताछ कर रही है। इसके पहले मंगलवार को उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ की गई थी, जिसमें आयोग के अध्यक्ष रहते हुए उनकी विदेश यात्राओं पर हुए खर्च और ब्लैकलिस्टेड एजेंसी को काम दिए जाने पर सवाल पूछे गए थे।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को हुई पूछताछ के दौरान जांच अधिकारियों ने खियांग्ते से भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन और आयोग के प्रशासनिक फैसलों से जुड़े कई बिंदुओं पर भी सवाल किए। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान उनका पासपोर्ट भी जब्त किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच का मुख्य फोकस परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के चयन की प्रक्रिया पर है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि एजेंसी को किस आधार पर जिम्मेदारी सौंपी गई, चयन प्रक्रिया में किन अधिकारियों की भूमिका रही और अंतिम स्वीकृति किस स्तर पर दी गई।
पूछताछ के दौरान कथित तौर पर इस पहलू पर भी सवाल किए गए कि यदि एजेंसी के खिलाफ पहले से शिकायतें या प्रतिकूल जानकारी उपलब्ध थी, तो उसे परीक्षा संचालन का काम क्यों दिया गया। इसके अलावा, ओएमआर शीट की छपाई, सुरक्षित रखरखाव, मूल्यांकन, अभ्यर्थियों के डेटा की सुरक्षा तथा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर भी जानकारी ली जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, जांच अधिकारी तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक, उप परीक्षा नियंत्रक और अन्य अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी खियांग्ते से पूछताछ कर रहे हैं। इस दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के बयान, फाइल नोटिंग और जब्त दस्तावेजों का भी मिलान किया जा रहा है।
गौरतलब है कि जेपीएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले की जांच सीआईडी कर रही है। इस मामले में परीक्षा संचालन एजेंसी टीडीपीएल से जुड़े मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी समेत 10 लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में जुटाए गए दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके
