'जोश ने समझदारी से खेला और मुझे अटैक करने दिया', एलएसजी की जीत पर मार्श ने इंगलिस को सराहा
लखनऊ, 16 मई (आईएएनएस)। मिचेल मार्श और जोश इंगलिस के बीच शतकीय साझेदारी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की। मार्श ने अपने जोड़ीदार इंगलिस को सराहा है, जिन्होंने मैच जिताऊ साझेदारी के दौरान समझदारी दिखाई।
188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की सलामी जोड़ी के रूप में मिचेल मार्श (90) ने जोश इंगलिस (36) के साथ पहले विकेट के लिए 70 गेंदों में 135 रन की साझेदारी की, जिसकी बदौलत इकाना स्टेडियम में एलएसजी ने महज 16.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मार्श ने कहा कि इंग्लिस ने हालात को पूरी तरह से समझा और उन्हें खुलकर अटैक जारी रखने दिया। मार्श ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एलएसजी की तरफ से जारी एक वीडियो में कहा, "कभी-कभी ऐसा होता है, जब एक छोर से कोई बल्लेबाज जोरदार बैटिंग कर रहा होता है। मुझे लगा कि हमारी साझेदारी के दौरान जोश ने हालात को बहुत अच्छे से संभाला और मुझे अपनी बल्लेबाजी जारी रखने का मौका दिया। उन्होंने सही समय पर स्ट्राइक रोटेट की। वह सचमुच एक समझदार क्रिकेटर हैं। उनके साथ बल्लेबाजी करना हमेशा एक सुखद अनुभव होता है।"
मार्श ने आगे कहा कि टूर्नामेंट की शुरुआत में एलएसजी के बल्लेबाजी ग्रुप के लिए मुश्किल दौर के बाद, आखिरकार मजबूत योगदान देना संतोषजनक रहा। उन्होंने कहा, "इस मैदान पर अब तक कुछ अच्छी पारियां खेली गई हैं। जाहिर है, टूर्नामेंट की शुरुआत में हमारे सभी बल्लेबाजों के लिए यह थोड़ा निराशाजनक रहा था। पिछले कुछ मुकाबलों में योगदान देना और जीत हासिल करना अच्छा लगा। हमारी टीम के लिए यह एक कठिन संघर्ष रहा है, इसलिए मुझे अपने खिलाड़ियों पर गर्व है।"
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने बताया कि भले ही सीजन की शुरुआत में नतीजे लगातार अच्छे नहीं रहे थे, लेकिन एलएसजी को हमेशा विश्वास था कि उनके पास एक मजबूत टीम है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि कागज पर हम एक बहुत अच्छी टीम हैं। आईपीएल में, 2 या 3 खराब ओवर आपको मैच हरा सकते हैं। कभी-कभी विरोधी टीम भी शानदार क्रिकेट खेलती है। यह एक बहुत ही कड़ा टूर्नामेंट है। कुछ मुकाबलों में हमें मौके मिले थे, इसलिए जीत हासिल करना अच्छा लगा।"
--आईएएनएस
आरएसजी
