जॉर्जिया मेलोनी ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम को दी बधाई, इटली-ब्रिटेन साझेदारी मजबूत करने पर दिया जोर
नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम को कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इटली और ब्रिटेन के बीच मजबूत दोस्ती और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम को कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई और ढेरों शुभकामनाएं।''
मेलोनी ने पोस्ट में लिखा, ''इटली और यूनाइटेड किंगडम के बीच गहरी दोस्ती और सहयोग का एक मजबूत रिश्ता है, जो समय के साथ मजबूत हुआ है। इसमें हमारे साझा प्रयासों का भी बड़ा योगदान है, खासकर उन महत्वपूर्ण मुद्दों पर जो हमारे दोनों देशों के लिए बेहद अहम हैं, जैसे प्रवासन का प्रबंधन और बड़ी अंतरराष्ट्रीय चुनौतियां। इन सभी मामलों को हमने हमेशा मिलकर और सहयोग की भावना के साथ संभाला है।''
मेलोनी ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हम इसी रास्ते पर आगे बढ़ते रहेंगे और अपने दोनों देशों और नागरिकों के हित में अपनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करेंगे।
प्रधानमंत्री मेलोनी ने पूर्व प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का आभार जताते हुए लिखा, ''मैं कीर स्टार्मर का भी दिल से धन्यवाद करती हूं, उनके किए गए काम और उस प्रतिबद्धता के लिए जिसके साथ उन्होंने इटली और यूनाइटेड किंगडम के रिश्तों को मजबूत बनाने में योगदान दिया।''
ब्रिटेन की संवैधानिक परंपरा के तहत आम चुनाव या सत्तारूढ़ दल के नेतृत्व परिवर्तन के बाद, किंग उस नेता को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं, जिसके पास संसद में बहुमत का समर्थन होता है। इसी प्रक्रिया के तहत बर्नहैम ने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
एंडी बर्नहैम ने पदभार संभालने के बाद अपने पहले संबोधन में देश में राजनीतिक स्थिरता बहाल करने और शासन व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में बार-बार प्रधानमंत्री बदलने से लोगों का राजनीति पर भरोसा कमजोर हुआ है और अब नेताओं को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
बकिंघम पैलेस से लौटने के बाद 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर अपने पहले भाषण में बर्नहैम ने कहा, "मैं पूरी तरह से महसूस करता हूं कि पिछले 10 वर्षों में इस सड़क पर सरकार बनाने के लिए आने वाला मैं छठा व्यक्ति हूं और 2016 के बाद सातवां प्रधानमंत्री हूं। यह आत्ममंथन और नए संकल्प का समय है।"
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
