Aapka Rajasthan

जोधपुर का नया एयरपोर्ट टर्मिनल विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि : गजेंद्र सिंह शेखावत

जोधपुर, 4 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर को नए अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल की सौगात मिलने पर इसे शहर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में लोगों ने जिन प्रमुख मांगों को उनके सामने रखा था, उनमें आधुनिक एयरपोर्ट का निर्माण सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल था और अब वह सपना साकार हो गया है।
 

जोधपुर, 4 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर को नए अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल की सौगात मिलने पर इसे शहर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में लोगों ने जिन प्रमुख मांगों को उनके सामने रखा था, उनमें आधुनिक एयरपोर्ट का निर्माण सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल था और अब वह सपना साकार हो गया है।

नए एयरपोर्ट टर्मिनल के उद्घाटन के अवसर पर शेखावत ने कहा, "पहले की तुलना में लगभग दस गुना अधिक क्षमता वाला यह नया टर्मिनल भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। जब पहली बार जोधपुर से सांसद चुना गया था, तब शहर से केवल छह उड़ानों का संचालन होता था, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 30 हो चुकी है। अब जोधपुर की सीधी हवाई कनेक्टिविटी हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे जैसे प्रमुख शहरों से हो चुकी है, जबकि दिल्ली और मुंबई के लिए भी कई उड़ानें उपलब्ध हैं।"

उन्होंने कहा, "सरकार का अगला लक्ष्य जोधपुर की हवाई सेवाओं का और विस्तार करना और इसे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ना है। इसके लिए स्थानीय नागरिकों, उद्योग जगत और अन्य हितधारकों के साथ चर्चा कर भविष्य की योजनाएं तैयार की जाएंगी, ताकि एयरपोर्ट का अधिकतम उपयोग हो और जोधपुर देश के आदर्श हवाई अड्डों में शामिल हो सके।"

शेखावत ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर भी अपनी खुशी साझा करते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोधपुर को विश्वस्तरीय, अत्याधुनिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल का ऐतिहासिक उपहार दिया है। यह विकसित भारत के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसमें विरासत और आधुनिकता साथ-साथ आगे बढ़ रही हैं।"

उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व को देशभर में हो रहे बुनियादी ढांचा विकास का आधार बताया।

इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने भी जोधपुरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंबे समय से चली आ रही जोधपुर के लोगों की मांग को पूरा किया है।"

उन्होंने इस परियोजना को सफल बनाने में गजेंद्र सिंह शेखावत की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हर चुनौती का समाधान करते हुए दिन-रात मेहनत की।

राम मोहन नायडू ने कहा, "प्रधानमंत्री का विजन केवल हवाई यात्राओं का विस्तार करना नहीं है, बल्कि नागरिक उड्डयन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार को भी नई गति देना है।"

उन्होंने विश्वास जताया कि नया एयरपोर्ट टर्मिनल जोधपुर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और राजस्थान के पर्यटन और निवेश को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक साबित होगा।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी