जो काम ममता बनर्जी नहीं कर पाई, सीएम सुवेंदु अधिकारी कर रहे: रिजु दत्ता
कोलकाता, 27 अगस्त (आईएएनएस)। निलंबित टीएमसी नेता रिजु दत्ता ने 28 अगस्त को छात्र रैली को लेकर ममता बनर्जी की आलोचना की। इसके साथ ही, उन्होंने सीएम सुवेंदु अधिकारी के वंदे मातरम कार्यक्रम की सराहना करते हुए साधुवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जो काम ममता बनर्जी नहीं कर पाई वह काम सीएम सुवेंदु अधिकारी कर रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से निष्कासित नेता रिजु दत्ता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि अभिषेक बनर्जी के ऑफिस को लेकर कोलकाता नगर निगम (केएमसी) में शिकायत दर्ज हुई है। नगर निगम अपना काम करने गई है। अगर अभिषेक बनर्जी को लगता है कि वही प्रदेश की सरकार चला रहे हैं तो वह गलत सोच रखते हैं। शिकायत हुई है तो जांच होगी, उन्होंने कुछ गलत नहीं किया तो डरने की क्या बात है। कानून अपने हिसाब से चलेगा।
दरअसल,टीएमसी के महासचिव और सांसद अभिषे बनर्जी और कोलकाता पुलिस के बीच गुरुवार को तीखी बहसबाजी उस समय हो गई जब नगर निगम अधिकारियों की टीम उनके कैमैक स्ट्रीट स्थित कार्यालय से होर्डिंग हटाने पहुंची।
छात्र रैली को लेकर रिजु दत्ता ने कहा कि इस कार्यक्रम में कितने छात्र आएंगे यह उसी दिन पता चलेगा। बात यह है कि ममता बनर्जी ने तृणमूल छात्र परिषद को खत्म कर दिया है, क्योंकि उन्होंने अपने कार्यकाल में चुनाव नहीं होने दिया। छात्र नेताओं को प्रमोटर और तोलाबाज (जबरन वसूली करने वाला) बना दिया। ममता बनर्जी के कार्यक्रम में जितने छात्र नेता हैं, पेश से प्रमोटर, बिल्डर और कई बच्चों के पिता है। उन्होंने दावा किया कि हालांकि, युवा छात्र हमारे साथ हैं।
सीएम सुवेंदु अधिकारी के वंदे मातरम कार्यक्रम पर कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री को साधुवाद देना चाहता हूं। जो काम ममता बनर्जी सरकार ने नहीं किया, वह काम सुवेंदु अधिकारी कर रहे हैं। जादवपुर यूनिवर्सिटी में बेहतर पढ़ाई होती है, यह सब जानते और मानते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि अच्छी पढ़ाई हो रही है तो माओवादियों को पूरी तरह से स्वतंत्रता मिल गई। इसका मतलब यह नहीं कि यूनिवर्सिटी के अंदर कश्मीर मांगे आजादी का स्लोगन होगा।
--आईएएनएस
एएसएच/डीएससी
