जो एआईएमआईएम को 'बी-टीम' कहते थे, आज वही भाजपा की गोद में बैठ गए : वारिस पठान
मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने परिसीमन विधेयक, महिला आरक्षण, इंडिया ब्लॉक की एकजुटता, डीएमके और एनसीपी (एसपी) के रुख, क्रिकेटर मोहम्मद शमी की भाजपा नेताओं से मुलाकात पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
आईएएनएस से बातचीत में वारिस पठान ने कहा कि परिसीमन को लेकर उनकी पार्टी का रुख सभी को पता है और पार्टी के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ही इस पर अंतिम निर्णय लेते हैं। उन्होंने कहा कि जो दल खुद को इंडिया ब्लॉक का हिस्सा बताते थे, वे अब भाजपा के करीब जा रहे हैं। जो पार्टियां पहले एआईएमआईएम को भाजपा की "बी-टीम" कहती थीं, वही अब भाजपा के साथ खड़ी नजर आ रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल अपने परिवारों और राजनीतिक हितों के लिए फैसले ले रहे हैं। मंत्री पद, कैबिनेट में जगह और राजनीतिक लाभ पाने के लिए यह सब किया जा रहा है, जबकि जनता ने उन्हें अपने हितों की रक्षा के लिए जनादेश दिया था।
परिसीमन विधेयक पर वारिस पठान ने कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण मुद्दा है और सरकार इसे जल्दबाजी में पारित कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस पर व्यापक और गंभीर चर्चा होनी चाहिए तथा पर्याप्त समय देने के बाद ही इसे लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की जनता यह भी देख रही है कि जो दल पहले इस तरह की नीतियों का विरोध कर रहे थे, वही अब उनका समर्थन करने लगे हैं।
डीएमके और महाराष्ट्र में एनसीपी (एसपी) द्वारा परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन किए जाने पर पठान ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के नेता उनसे बातचीत कर रहे हैं। यह उनका आंतरिक मामला है, लेकिन जनता देख रही है कि इंडिया ब्लॉक के सहयोगी एक-एक करके अलग रास्ता अपना रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि अब इंडिया ब्लॉक में बचा क्या है।
सांसदों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि सांसदों की संख्या बढ़ाई जा रही है, लेकिन आम लोगों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। महंगाई कम करने के बजाय सांसदों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
कांग्रेस द्वारा शरद पवार पर किए जा रहे हमलों और महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर वारिस पठान ने कहा कि पहले सभी दल एक साथ थे, लेकिन अब कई नेता अपने राजनीतिक हितों और सुविधाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
क्रिकेटर मोहम्मद शमी की भाजपा नेता के साथ तस्वीर सामने आने पर उन्होंने कहा कि मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और सरफराज खान जैसे खिलाड़ी प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं और उन्होंने अपने प्रदर्शन के दम पर पहचान बनाई है। उनके अनुसार, भारतीय टीम में चयन केवल प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए, धर्म या नाम के आधार पर नहीं।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में भारतीय टीम में कोई मुस्लिम खिलाड़ी नहीं है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर मिलना चाहिए। मोहम्मद शमी के भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर वारिस पठान ने कहा कि इससे उनकी पार्टी या राजनीतिक समीकरणों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उनका गठबंधन, सामाजिक आधार और जनसंपर्क मजबूत है तथा जनता सब समझ चुकी है।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
