जे.जे. अस्पताल के विस्तार के लिए 11 एकड़ जमीन सौंपने की मांग, मिलिंद देवड़ा ने एकनाथ शिंदे को लिखा पत्र
मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। शिवसेना सांसद और राज्यसभा की अधीनस्थ विधान संबंधी समिति के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने बुधवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। उन्होंने मुंबई स्थित सर जे.जे. ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स और ग्रांट मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। देवड़ा ने शिंदे को एक पत्र सौंपकर रिचर्डसन एंड क्रूडास के कब्जे वाली करीब 11 एकड़ सरकारी जमीन को जे.जे. अस्पताल को हस्तांतरित करने में सहयोग देने का अनुरोध किया।
मिलिंद देवरा ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीर साझा करते हुए कहा कि इस जमीन के हस्तांतरण से कैंसर उपचार, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी। इससे विशेष रूप से उन हजारों मरीजों को लाभ होगा जो महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से किफायती और गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए मुंबई आते हैं।
मिलिंद देवड़ा ने अपने पत्र में कहा कि उन्हें जे.जे. अस्पताल के डीन की ओर से एक प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, जिसमें अस्पताल और ग्रांट मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता बताई गई है। उन्होंने कहा कि जे.जे. अस्पताल महाराष्ट्र के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि अस्पताल परिसर में जल्द ही एक सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू होने वाला है। इसके अलावा एडवांस मेडिकल सर्विस, मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान सुविधाओं की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराना समय की मांग बन गया है।
प्रस्ताव के अनुसार, यदि रिचर्डसन एंड क्रूडास की भूमि अस्पताल को हस्तांतरित की जाती है तो वहां कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य और शैक्षणिक परियोजनाएं विकसित की जा सकती हैं। इनमें पैलिएटिव कैंसर अस्पताल, बोन मैरो ट्रांसप्लांट सेंटर, अत्याधुनिक रिसर्च और प्रशिक्षण केंद्र, मेडिकल छात्रों के लिए हॉस्टल, अस्पताल कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं तथा मरीजों के परिजनों के लिए ठहरने की व्यवस्था शामिल है।
मिलिंद देवड़ा ने अपने पत्र में उपमुख्यमंत्री शिंदे से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने और आवश्यक प्रशासनिक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल मुंबई, बल्कि पूरे महाराष्ट्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी
