Aapka Rajasthan

जिनपिंग-ट्रंप बैठक: अमेरिकी राष्ट्रपति बोले-जब तक हम सत्ता में, हमारे बीच कोई समस्या नहीं

शेनझेन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग से एपेक सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक की। इससे पहले उन्होंने कहा कि चीनी राष्ट्रपति से उनकी दोस्ती अच्छी है और उन्हें लगता है कि जब तक दोनों अपने-अपने देश की सत्ता पर काबिज हैं तब तक द्विपक्षीय संबंधों में कोई समस्या नहीं आएगी।
 

शेनझेन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग से एपेक सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक की। इससे पहले उन्होंने कहा कि चीनी राष्ट्रपति से उनकी दोस्ती अच्छी है और उन्हें लगता है कि जब तक दोनों अपने-अपने देश की सत्ता पर काबिज हैं तब तक द्विपक्षीय संबंधों में कोई समस्या नहीं आएगी।

चीनी मीडिया सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग ने गुरुवार को चीन में बातचीत की। यह बातचीत रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली एक ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक से पहले संपन्न हुई।

रूसी न्यूज एजेंसी टीएएसएस के मुताबिक, क्रेमलिन के प्रवक्ता यूरी उशाकोव ने बताया कि ट्रंप के साथ अपनी पिछली आमने-सामने की मुलाकात के बाद पुतिन "बेहद अच्छे" मूड में थे।

वहीं, चीनी मीडिया ने बताया कि ट्रंप-जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक करीब 1 घंटे चली। इसके पहले बुधवार को भी दोनों नेताओं ने करीब 2 घंटे बातचीत की थी। बैठक से पहले, ट्रंप ने शी के साथ अपनी दोस्ती का जिक्र किया।

जिनपिंग को ट्रंप ने अपना दोस्त बताया और दावा किया कि अमेरिका और चीन के बीच एक खास रिश्ता है।

ट्रंप ने कहा, "जब तक हम दोनों सत्ता में हैं, मुझे नहीं लगता कि हमारे बीच कोई समस्या होगी।" उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों देश चाहते हैं कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज समस्या का हल निकले और तेल आपूर्ति फिर से शुरू हो, जिसे फिलहाल ईरान ने रोक रखा है। उन्होंने कहा, "अमेरिका और चीन, दोनों की ही इसमें दिलचस्पी है कि होर्मुज से ऊर्जा की आपूर्ति होती रहे और ईरान के पास परमाणु हथियार न हों। हम दोनों ही इन दोनों बातों को लेकर बहुत दृढ़ हैं।"

उन्होंने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ कई दूसरे मुद्दों पर भी मिलकर काम करने की संभावना है। इनमें अमेरिका में फेंटेनाइल नाम की नशीली दवा की समस्या खत्म करना भी शामिल है।

अमेरिकी राष्ट्रपति बैठक के नतीजों को लेकर काफी आशान्वित नजर आए। उन्होंने कहा कि कई लोगों को शक था कि इस मुलाकात से कुछ हासिल होगा या नहीं, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि इस बातचीत से कुछ न कुछ नतीजा जरूर निकलेगा।

--आईएएनएस

केआर/