झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र शुरू, सरकार ने नए एसओपी के बाद एसआईआर कराने का रखा संकल्प प्रस्ताव
रांची, 25 नवंबर (आईएएनएस)। संसद से पारित माइन्स एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेग्युलेशन) एक्ट और एसआईआर के मुद्दे पर आहूत झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार को शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन राज्य सरकार की ओर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की वर्तमान प्रक्रिया पर रोक लगाने का संकल्प प्रस्ताव पेश किया गया है।
इस संकल्प में एसआईआर के वर्तमान स्वरूप में बदलाव कर नये सिरे से पुनरीक्षण कराने की मांग की गयी है इस प्रस्ताव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की मौजूदा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार से सभी राज्यों और राजनीतिक दलों के साथ चर्चा करने का आग्रह किया है। सरकार ने एसआईआर कराने पर सैद्धांतिक सहमति जताई है, लेकिन दस्तावेजों की अनिवार्यता, तकनीकी खामियों और प्रक्रियागत जटिलताओं को दूर करने के बाद नए सिरे से पुनरीक्षण कराने की मांग की है।
संकल्प में कहा गया है कि एसआईआर की मौजूदा प्रक्रिया में कई व्यावहारिक कठिनाइयां हैं, जिनके कारण पात्र मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार चाहती है कि सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ व्यापक चर्चा कर ऐसी प्रक्रिया और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए, जो सरल, पारदर्शी और सर्वमान्य हो। इसके बाद झारखंड में नए सिरे से एसआईआर कराया जाए।
सदन की सहमति के बाद राजकीय संकल्प केंद्र सरकार को भेजे जाने का प्रस्ताव है। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में एसआईआर के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड में करीब 2.64 करोड़ मतदाता हैं, जबकि प्रारूप मतदाता सूची में लगभग 2.21 करोड़ नाम शामिल किए गए हैं। इस तरह करीब 16 फीसदी मतदाता प्रारूप सूची से बाहर हैं। वहीं, सूची में शामिल करीब 27 फीसदी मतदाताओं को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किए गए हैं।
सरकार के मुताबिक, नोटिस के 75 फीसदी से अधिक मामले नाम और अन्य जानकारियों में तार्किक विसंगतियों से जुड़े हैं। इस तरह कुल मतदाताओं में 38 फीसदी से अधिक ऐसे हैं, जो सूची से बाहर हैं या नोटिस के दायरे में आए हैं। सरकार ने झारखंड की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि आदिवासी, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी), प्रवासी मजदूरों, दूसरे राज्यों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों, बुजुर्गों और विधवा तथा तलाकशुदा महिलाओं को दस्तावेज जुटाने और सत्यापन में कठिनाइयां हो सकती हैं। कई लोगों के सरकारी दस्तावेजों में जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज है।
सरकार ने निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित दस्तावेजों में खतियान को शामिल नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाया। राजकीय संकल्प में पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और अपील की प्रक्रिया का भी उल्लेख किया गया है। सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला देते हुए कहा है कि किसी भी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे नागरिकों का चुनाव व्यवस्था पर भरोसा बना रहे। विशेष सत्र के पहले दिन विधानसभा परिसर के बाहर भाजपा विधायकों ने भर्ती परीक्षाओं, रोजगार और अन्य मुद्दों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
