झारखंडः शराब पीने के दौरान विवाद में ससुर ने दामाद की कुल्हाड़ी से कर दी हत्या
पलामू, 20 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले में शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद 40 वर्षीय एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही गांव की है। मृतक की पहचान गांधी भुइयां के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके ससुर जगदेव भुइयां पर है।
छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार के अनुसार, गांधी भुइयां और उसका ससुर जगदेव भुइयां शनिवार रात एक साथ शराब पीने गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद जगदेव ने गांधी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण गांधी की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर गांधी के शव को मकई के खेत में छिपा दिया। बाद में घटना की सूचना मिलने पर रविवार को पुलिस गांव पहुंची और खेत से शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और वहां से घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय दोनों के साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना के बाद शव को खेत में छिपाए जाने की परिस्थितियों की भी जांच शुरू कर दी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
