झारखंड शराब घोटाले में एसीबी ने पूर्व उत्पाद आयुक्त समेत तीन अधिकारियों को भेजा समन, 4 अगस्त को होगी पूछताछ
रांची, 29 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच कर रहे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने उत्पाद विभाग और झारखंड स्टेट बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेएसबीसीएल) से जुड़े तीन पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों को 4 अगस्त को पूछताछ के लिए तलब किया है। इन अधिकारियों से पहले दर्ज बयानों, उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
एसीबी की ओर से जिन अधिकारियों को समन जारी किया गया है, उनमें तत्कालीन उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश, तत्कालीन संयुक्त आयुक्त (उत्पाद) गजेंद्र सिंह और जेएसबीसीएल के तत्कालीन महाप्रबंधक (वित्त) सुधीर कुमार दास शामिल हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, शराब नीति, आपूर्ति व्यवस्था, जेएसबीसीएल की कार्यप्रणाली और उससे जुड़ी कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के विभिन्न पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इसके तहत पहले दर्ज बयानों का दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है। जहां भी किसी तथ्य को लेकर संदेह या अतिरिक्त स्पष्टीकरण की आवश्यकता महसूस हो रही है, संबंधित अधिकारियों और व्यक्तियों को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।
एसीबी फिलहाल टेंडर प्रक्रिया की पूरी शृंखला की जांच कर रही है। इसमें निविदा की शर्तें, उनमें किए गए संशोधन, संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं की भूमिका तथा टेंडर में भाग लेने वाली कंपनियों की प्रक्रिया को खंगाला जा रहा है। इसके अलावा बैंक गारंटी, भुगतान, सरकारी राजस्व की वसूली और अन्य वित्तीय दायित्वों से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में हैं।
एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं प्रक्रिया में किसी स्तर पर हुई कथित अनियमितता के कारण सरकारी राजस्व को नुकसान तो नहीं पहुंचा। जांच में शराब की आपूर्ति, खुदरा दुकानों के संचालन, नकद संग्रह, बैंक में राशि जमा कराने की प्रक्रिया, ऑडिट रिपोर्ट और राजस्व वसूली से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी
