झारखंड: रांची के धुर्वा में युवक की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
रांची, 10 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में 31 वर्षीय युवक बिट्टू सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपी संजय कुमार सिंह और बॉबी विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। बिट्टू का शव छह नवंबर की सुबह सिठियो स्थित डैम साइड की झाड़ियों से बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वारदात की जांच और गिरफ्तार आरोपियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्या से पहले बिट्टू सिंह और दोनों आरोपियों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि दोनों ने कार में रखे लकड़ी के बेंत से बिट्टू की पिटाई की, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कार, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बेंत और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार सिंह का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2018 और 2022 में दो मामले दर्ज हैं। पुलिस इन मामलों से जुड़े रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी
