Aapka Rajasthan

झारखंड के रामगढ़ में अपहरण मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, अपहृत युवक सकुशल बरामद

रामगढ़, 25 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के रामगढ़ जिले में अपहरण के एक मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 42 वर्षीय अपहृत कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा को सकुशल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, अपहरण के पीछे पैसे के लेन-देन का विवाद और आपसी रंजिश सामने आई है।
 
पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेन्द्र शर्मा ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि कमलेश ठाकुर का 23 नवंबर को भुरकुंडा बाजार स्थित गणेश ज्वेलर्स के पास से अपहरण कर लिया गया था। अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन सफेद रंग की कार में बैठाकर ले गए। इस संबंध में अपहृत की पत्नी रिंकू देवी के लिखित आवेदन पर पतरातू (भुरकुंडा ओपी) थाना में कांड संख्या 307 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष छापामारी दल का गठन किया। पतरातू इंस्पेक्टर सतेन्द्र सिंह और भुरकुंडा थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, लगातार दबिश के बाद आरोपियों ने कमलेश ठाकुर को रांची के पिठोरिया स्थित जंगल के पास छोड़ दिया। पुलिस ने उन्हें वहां से सकुशल बरामद कर लिया।

इसके बाद 24 नवंबर की रात रांची रिंग रोड स्थित लॉ कॉलेज, होंसिर के पास घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में धर्मेंद्र कुमार साव, राजमणि गुप्ता उर्फ बंटी, रौशन कुमार सिंह और घनश्याम सिंह उर्फ पीयूष कुमार शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, पैसे के लेनदेन विवाद और आपसी रंजिश के कारण आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से रांची से कमलेश ठाकुर का पीछा किया और भुरकुंडा बाजार से अपहरण कर लिया। इसके बाद उन्हें उरीमारी, बड़कागांव, केरेडारी और टंडवा होते हुए गुमला ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम