झारखंड राज्यसभा चुनाव: दो सीटों के लिए मतदान जारी, क्रॉस वोटिंग के डर से बसों से पहुंचे एनडीए विधायक
रांची, 18 जून (आईएएनएस)। झारखंड में गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान चल रहा है। वोटिंग से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने में लगे हुए हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी दलों के विधायक अपने-अपने राजनीतिक दलों के निर्देशों के अनुसार मतदान करते नजर आए।
इस चुनाव में कुल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। इंडिया ब्लॉक की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बैजनाथ राम को और कांग्रेस ने प्रणव झा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी चुनाव लड़ रहे हैं।
मतदान से पहले एनडीए के कई विधायक बसों से रांची स्थित विधानसभा पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत रखा गया ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए। विधायकों की उपस्थिति लगभग पूरी बताई जा रही है, जिससे मतदान प्रतिशत बेहतर रहने की उम्मीद है।
विधानसभा परिसर में मतदान के दौरान राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। बेरमो से कांग्रेस विधायक जयमंगल सिंह की एक सुरक्षा अधिकारी के साथ तीखी बहस की घटना सामने आई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया। हालांकि स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।
राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में बयानबाजी भी तेज रही। जेडीयू विधायक सरयू राय ने कहा कि चुनाव प्रबंधन में शामिल भाजपा नेताओं को भरोसा है कि वे इसे सफलतापूर्वक संभाल लेंगे। वहीं विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विधायकों को अपने विवेक के अनुसार वोट देना है और वे राज्य तथा देश के हित में निर्णय लेंगे।
इसी बीच भाजपा विधायक उज्ज्वल दास ने दावा किया कि एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नथवानी राज्यसभा के लिए चुने जाएंगे। मतदान के दौरान विधानसभा परिसर में राजनीतिक रणनीति और समीकरणों पर सभी दलों की नजर बनी हुई है।
राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे इस चुनाव का परिणाम झारखंड में सत्ता संतुलन और भविष्य की राजनीतिक दिशा पर असर डाल सकता है। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना के जरिए स्पष्ट होगा कि दोनों सीटों पर कौन विजयी होता है और किस गठबंधन को बढ़त मिलती है।
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव पर राज्य की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा, "आज हम पूरी एकजुटता के साथ विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं। मुझे उम्मीद और भरोसा है कि ऐसे समय में जब देशभर में विधायकों की खरीद-फरोख्त हो रही है, उन्हें लालच देकर तोड़ा जा रहा है और राजनीतिक पार्टियों को खरीदा जा रहा है। झारखंड अपने आत्मसम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए अडिग रहेगा।"
--आईएएनएस
एसएके/वीसी
