Aapka Rajasthan

झारखंड: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के लिए आदित्य साहू ने किया नामांकन, 14 जनवरी को होगी औपचारिक घोषणा

रांची, 13 जनवरी (आईएएनएस)। आदित्य साहू झारखंड प्रदेश भाजपा के अगले अध्यक्ष होंगे। उन्होंने मंगलवार को चुनाव अधिकारी सह केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव के समक्ष प्रदेश भाजपा कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। उनके अलावा इस पद के लिए किसी अन्य ने नामांकन नहीं किया। उनके निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा 14 जनवरी को की जाएगी।
 
आदित्य साहू पहले से ही भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे झारखंड से राज्यसभा के सांसद भी हैं। आदित्य साहू के नामांकन के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो, और भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।

पार्टी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता जुएल ओराम को चुनाव पदाधिकारी बनाया है। पिछले दो दशकों से भी अधिक समय से पार्टी से जुड़े आदित्य साहू पूर्व में झारखंड प्रदेश भाजपा में उपाध्यक्ष, महामंत्री सहित कई प्रमुख पदों का दायित्व निभा चुके हैं।

61 वर्षीय आदित्य साहू शिक्षण के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। वह 2019 तक राम टहल चौधरी कॉलेज के व्याख्याता के रूप में कार्यरत रहे। जुलाई 2022 में उन्हें झारखंड से राज्यसभा के लिए चुना गया था। सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से आदित्य साहू की नियुक्ति बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वह वैश्य समुदाय से आते हैं और इस समुदाय के बीच भाजपा की गहरी पैठ रही है।

प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के लिए 14 जनवरी की तिथि का विशेष महत्व भी है। इस दिन खरमास की समाप्ति और मकर संक्रांति का पर्व है, जिसे हिंदू परंपरा में शुभ कार्यों के लिए अनुकूल माना जाता है। पार्टी इसे नए संगठनात्मक अध्याय की शुभ शुरुआत के रूप में देख रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/