Aapka Rajasthan

झारखंडः पश्चिमी सिंहभूम में शख्स ने गर्भवती भाभी और भतीजी को कुल्हाड़ी से काट डाला

चाईबासा, 28 जून (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंझारी थाना क्षेत्र के मारिया साईं टोला रविवार को डबल मर्डर की वारदात से दहल उठा। यहां एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती भाभी और आठ वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
 

चाईबासा, 28 जून (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंझारी थाना क्षेत्र के मारिया साईं टोला रविवार को डबल मर्डर की वारदात से दहल उठा। यहां एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती भाभी और आठ वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने कुछ ही देर बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय नानिका बिरुवा और उनकी आठ वर्षीय पुत्री शर्मीला बिरुवा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय नानिका के पति दखल सिंह बिरुवा खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान आरोपी रमाय बिरुवा घर पहुंचा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने कुल्हाड़ी से नानिका पर हमला कर दिया। मां को बचाने के प्रयास में बीच में आई आठ वर्षीय शर्मीला पर भी उसने हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मृतका की दूसरी बेटी तुलसी बिरुवा ने खेत में जाकर अपने पिता को दी। दखल सिंह जब घर लौटे तो आरोपी ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। दखल सिंह ने पास में पड़ा पत्थर उठाकर अपना बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जंगल की ओर भाग निकला।

पुलिस के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंचे कांडे बिरुवा पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों की सूचना पर मंझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने जंगल में छापेमारी कर आरोपी रमाय बिरुवा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक विवाद को घटना का कारण मान रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात के समय आरोपी नशे की हालत में था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी