झारखंड: पलामू के जमीन कारोबारी विनीत तिवारी की अपहरण के बाद हत्या, इलाके में सनसनी
मेदिनीनगर, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के मेदिनीनगर शहर के प्रतिष्ठित जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का शनिवार रात अपहरण करने के बाद अपराधियों ने उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। रविवार को विनीत का शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके में नग्न अवस्था में बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने 'फिल्मी स्टाइल' में पीछा कर विनीत का अपहरण किया और फरार हो गए। अपहरण की खबर मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना समय गंवाए शहर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई और तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विनीत के परिजनों ने पलामू एसपी से भी मुलाकात की थी और उनकी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा और बरामदगी की मांग की थी। परिजनों ने शुरू से ही आशंका जताई थी कि जमीन विवाद या किसी पुरानी रंजिश के कारण विनीत को निशाना बनाया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से शुरू की गई तलाश के बीच ही रविवार सुबह उनकी हत्या की खबर आ गई।
रविवार की सुबह जब ग्रामीणों ने जोरकट में एक नग्न अवस्था में शव देखा, तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने शव की शिनाख्त विनीत तिवारी के रूप में की। शव की स्थिति को देखकर अपराधियों की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला जमीन के कारोबार से जुड़ी आपसी रंजिश का लग रहा है। पलामू पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पलामू के एसपी ने कहा कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से कुछ साक्ष्य जुटाए गए हैं और संदिग्धों की मोबाइल लोकेशन खंगाली जा रही है। जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके
