Aapka Rajasthan

झारखंड : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल बोले-एसआईआर पूरी तरह संवैधानिक, राज्य सरकार लोगों को कर रही भ्रमित

रांची, 25 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राज्य सरकार की ओर से पेश संकल्प प्रस्ताव का विरोध किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा कराया जा रहा एसआईआर पूरी तरह संवैधानिक और वैधानिक प्रक्रिया है। राज्य सरकार इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। मतदाता सूची का शुद्धीकरण जरूरी है, लेकिन इसमें किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम भी सूची में नहीं रहना चाहिए।
 
बाबूलाल मरांडी ने विशेष सत्र बुलाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सत्र बुलाने के लिए मंत्रिपरिषद की बैठक नहीं हुई और कैबिनेट की स्वीकृति की प्रत्याशा में ही विधानसभा का विशेष सत्र बुला लिया गया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के वैधानिक अधिकारों को राजनीतिक संकल्प के माध्यम से कमजोर करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा सदन में प्रस्तुत आंकड़ों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होना, नोटिस जारी किया जाना और अंतिम रूप से मतदाता सूची से नाम हटाया जाना अलग-अलग स्थितियां हैं। सरकार इन सभी को एक साथ जोड़कर लोगों को भ्रमित कर रही है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है। कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार मतदाता सूची का पुनरीक्षण कराया गया है। इसे नागरिकता समाप्त करने की प्रक्रिया बताना गलत है। मरांडी ने मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड में करीब 14.50 लाख मतदाताओं के पास कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर से पहले की सूची में 7,62,903 मतदाता मृत पाए गए हैं जबकि 15,92,194 मतदाता स्थायी रूप से राज्य से बाहर चले गए हैं। इसके अलावा 4,38,596 मतदाताओं के नाम एक से अधिक जगह दर्ज हैं। ऐसे मामलों की जांच जरूरी है।

उन्होंने जमशेदपुर में अफगानी और गढ़वा में ईरानी नागरिकों के वर्षों से रहने का उल्लेख करते हुए उनके पास राशन कार्ड, आधार और वोटर कार्ड होने का दावा किया। मरांडी ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामलों में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने का भी जिक्र किया। उन्होंने एक मामले में पिता-पुत्र की उम्र में महज एक साल का अंतर होने का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे मामलों की जांच होनी चाहिए।

मरांडी ने कहा कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से अवैध रूप से आने वाले लोग घुसपैठिये हैं जबकि प्रताड़ित होकर भारत आने वाले अल्पसंख्यक हिंदू शरणार्थी हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाने की प्रक्रिया नहीं है। एसआईआर की शुरुआत 1952 में हुई थी। मौजूदा प्रक्रिया 15 दिसंबर तक चलेगी और 22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को पारदर्शी बनाना है लेकिन किसी योग्य मतदाता का नाम नहीं हटना चाहिए।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम