झारखंड : नाबालिग छात्रा के यौन शोषण मामले में कोडरमा के सिविल सर्जन गिरफ्तार, पुलिस की पूछताछ जारी
कोडरमा, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के कोडरमा जिले में नाबालिग छात्रा के यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को शनिवार देर रात हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस उनसे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। रविवार को उन्हें मजिस्ट्रेट के पास पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता पीड़िता हजारीबाग जिले की रहने वाली है। उसने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए त्वरित कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई थी। मामला नाबालिग से जुड़ा होने और एक उच्च पदस्थ अधिकारी पर गंभीर आरोप लगने के कारण पुलिस प्रशासन ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया। कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था।
इसी टीम ने शनिवार देर रात चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां स्थित सिविल सर्जन के रेस्टोरेंट के पास से उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें सुरक्षित तरीके से तिलैया डैम ओपी थाने ले गई, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2025 में नाबालिग छात्रा अपनी मां के साथ चिकित्सा और इलाज के सिलसिले में डॉ. अनिल कुमार के संपर्क में आई थी।
आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने छात्रा को बहला-फुसलाकर उसका यौन शोषण करना शुरू कर दिया। काफी समय तक मानसिक प्रताड़ना झेलने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और कोडरमा महिला थाने में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता को कोडरमा महिला थाने बुलाया है। वहां एसडीपीओ प्रमोद केशरी और महिला थाना प्रभारी खुद पीड़िता से आमने-सामने पूछताछ कर रहे हैं।
पुलिस का मुख्य उद्देश्य घटना के पूरे क्रम, आरोपी डॉक्टर से संपर्क के माध्यमों और अन्य अहम तथ्यों की कड़ियों को जोड़ना है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के औपचारिक बयान और मेडिकल तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल आरोपी डॉक्टर की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
--आईएएनएस
एसएनसी/वीकेयू
