Aapka Rajasthan

झारखंड में चक्रवात 'अकवान' का दिखेगा असर, छह जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

रांची, 20 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के कई जिलों में चक्रवात 'अकवान' का प्रभाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने चक्रवात की स्थिति और राज्य में संभावित बारिश को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चक्रवात का लैंडफॉल नॉर्थ आंध्र प्रदेश और साउथ ओडिशा के बीच गोपालपुर के पास पूरा हो चुका है। इसके बाद यह उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में शुक्रवार को बारिश का मुख्य प्रभाव देखने को मिलेगा।
 
अभिषेक आनंद ने बताया कि जब चक्रवात का लैंडफॉल हुआ, उस समय हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी। इस दौरान 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाले झोंके भी दर्ज किए गए। चक्रवात उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अनुमान है कि आज दोपहर तक इसकी तीव्रता कम होने लगेगी और यह कमजोर पड़ेगा। शाम तक इसकी स्थिति में और बदलाव की संभावना है।

झारखंड में बारिश के प्रभाव को लेकर मौसम विज्ञानी ने बताया कि छह जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें दक्षिणी क्षेत्र के सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला के साथ धनबाद शामिल हैं। इन जिलों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा खूंटी, गुमला, लोहरदगा और रांची में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में छह से 11 सेंटीमीटर और कुछ स्थानों पर लगभग 12 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।

अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दिन यानी 21 तारीख को भारी बारिश की संभावना मुख्य रूप से झारखंड के पूर्वोत्तर जिलों तक सीमित रहेगी। गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। शेष इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि चक्रवात का मुख्य प्रभाव 20 तारीख को सुबह 8:30 बजे से 21 तारीख को सुबह 8:30 बजे तक दक्षिणी और मध्य झारखंड में रहेगा। इसके बाद बारिश का असर उत्तर-पूर्वी झारखंड, खासकर संथाल क्षेत्र में देखने को मिल सकता है। इस तरह चक्रवात के कारण राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।

--आईएएनएस

पीएसके