झारखंडः लोहरदगा में हत्या की साजिश नाकाम, हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
लोहरदगा, 21 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के लोहरदगा जिले में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए हत्या की एक कथित साजिश को विफल कर दिया। पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की जा रही एक अल्टो कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 20 जुलाई की सुबह सूचना मिली थी कि नीले रंग की एक अल्टो कार में सवार तीन युवक हथियार के साथ सोबरनटोली से जुरिया की ओर जा रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर लोहरदगा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर इलाके में घेराबंदी की गई। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस ने सोबरनटोली के पास संदिग्ध कार को रोक लिया। पुलिस को देखते ही कार की पिछली सीट पर बैठा एक युवक उतरकर गलियों के रास्ते फरार हो गया। हालांकि कार में सवार दो अन्य युवकों को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुमला जिले के हुसैन अंसारी और लोहरदगा निवासी अजय साहू के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान गुमला जिले के लोंगा निवासी संजय लोहरा के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान अजय साहू के पास से 7.65 एमएम की एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन और चार कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एक व्यक्ति की हत्या करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस का कहना है कि समय पर कार्रवाई होने से संभावित वारदात टल गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अजय साहू के खिलाफ पहले से अपहरण, डकैती और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी संजय लोहरा पर भी लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
