झारखंड की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 5 अगस्त को होगी जारी, छूटे मतदाता फॉर्म भरकर जुड़वा सकेंगे नाम
रांची, 4 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची और 'एएसडीडी' (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट) सूची सूची जारी की जाएगी। यह सूची राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध रहेगी।
इसके बाद जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम सूची में नहीं होगा, वे 5 अगस्त से फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने यह जानकारी मंगलवार को दी। उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण के तहत तैयार होने वाली मतदाता सूची एक महत्वपूर्ण दस्तावेज होती है और भविष्य में भी इसका महत्व बना रहेगा। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें और यदि नाम नहीं है तो उसे जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के बाद हर मतदाता अपने नाम और अन्य विवरण की जांच कर सकता है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकता है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग का ईसीआईनेट ऐप भी उपलब्ध है। इस ऐप के जरिए मतदाता सूची देखी जा सकती है और ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस, मित्रों और अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने और त्रुटियों में सुधार कराने के लिए जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर ‘हैशटैग न्यूवोटर्स’ अभियान चलाया जाएगा।
इस दौरान मतदाताओं, शैक्षणिक संस्थानों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलओ, स्वयंसेवकों और अन्य संबंधित लोगों से अपील की गई है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े फोटो और वीडियो हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर साझा करें।
के रवि कुमार ने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में जरूरी कदम है। उन्होंने लोगों से समय पर अपने मतदाता संबंधी दायित्व पूरे करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच
