Aapka Rajasthan

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में डायन के आरोप में महिला की हत्या, चार घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में डायन के आरोप में 46 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। कराईकेला थाना क्षेत्र के कोलजोमरो गांव में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। मृतका की पहचान रेंदाई सुम्बरुई के रूप में हुई है।
 
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात महिला की हत्या की सूचना मिलने के बाद पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। मृतका के पति साधुचरण सुम्बरुई की लिखित शिकायत पर कराईकेला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपियों ने रात में महिला के घर पर हमला किया। उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए डंडों से वार किए और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल डंडा जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुधु होनहागा, मार्टिन दिग्गी, मारतुस होनहागा और मधुसूदन होनहागा के रूप में हुई है। चारों पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र के जोनुवा गांव के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अंधविश्वास और आपसी रंजिश की आशंका सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक की पत्नी कुछ समय से बीमार थी। उसे संदेह था कि महिला ने उसकी पत्नी पर जादू-टोना किया है। इसी शक में हत्या किए जाने की आशंका है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) तथा झारखंड डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम, 2001 की धाराओं 3 और 4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस की छापेमारी टीम में एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन, पुलिस अवर निरीक्षक धीरज कुमार यादव, अनुसंधानकर्ता संजीत कुमार और थाने के रिजर्व जवान शामिल थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम