झारखंड के पलामू में शिक्षक की गला रेतकर हत्या, झाड़ी में मिला शव
पलामू, 29 मई (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक सहायक शिक्षक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चिल्हो खुर्द निवासी 45 वर्षीय उदय सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम उदय सिंह को किसी परिचित व्यक्ति का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान नगदारा गांव के पास पाटन जाने वाले मार्ग पर उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन की, जहां कुछ दूरी पर झाड़ियों में उनका शव बरामद हुआ। शव खून से लथपथ अवस्था में मिला।
उदय सिंह गांव के एक स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा आसपास के इलाके में लोगों का इलाज करते थे। घटना की सूचना मिलने के बाद छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से शराब और बीयर की कई बोतलें बरामद की गई हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उदय सिंह को शराब पार्टी के बहाने बुलाया गया था। इसके बाद धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में किसी परिचित व्यक्ति की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जिस व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बुलाया था, उसकी पहचान और गतिविधियों की जांच की जा रही है।
पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है तथा अंतिम बार संपर्क में आए लोगों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। फॉरेंसिक टीम की सहायता से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके
