झारखंड: पलामू में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से युवक की मौत, घर से पिस्तौल बरामद
पलामू, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी अमरजीत चौहान उर्फ छोटू (पिता गिरजा चौहान) के रूप में हुई है।
युवक को गोली उसके घर के एक कमरे में लगी, जहां वह उस समय अकेला था। पुलिस ने मौके से एक हथियार बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, अमरजीत कमरे में अकेला था। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन और आसपास के लोग कमरे की ओर पहुंचे तो युवक घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, युवक के सीने में गोली लगी है। घटनास्थल से हथियार बरामद किया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। यह आत्महत्या का मामला है या गोली किसी अन्य परिस्थिति में चली, इसका पता विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस युवक के मोबाइल फोन, उसके हाल के संपर्कों और घटना से पहले की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। कुछ स्थानीय लोगों ने घटना के पीछे व्यक्तिगत या प्रेम प्रसंग से जुड़े कारण की आशंका जताई है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच
