झारखंड के पलामू में ओवरब्रिज पर दर्दनाक सड़क हादसा, दो युवकों की मौत
मेदिनीनगर, 3 मई (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत रेडमा ओवरब्रिज पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज की रेलिंग से टकरा गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र निवासी आनंद कुमार और मिंशु कुमार के रूप में हुई है। घटना की पुष्टि टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आनंद कुमार और मिंशु कुमार लेस्लीगंज क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे देर रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेडमा ओवरब्रिज पर उनकी बाइक अचानक असंतुलित हो गई और रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए टाउन थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
