Aapka Rajasthan

झारखंड के गोइलकेरा में नक्सलियों ने ग्रामीण की बेरहमी से हत्या की

रांची, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने एक ग्रामीण की क्रूर हत्या कर दी है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।
 
झारखंड के गोइलकेरा में नक्सलियों ने ग्रामीण की बेरहमी से हत्या की

रांची, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने एक ग्रामीण की क्रूर हत्या कर दी है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।

मृतक की पहचान रमेश चम्पिया उर्फ चमरा के रूप में हुई है। वह गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रोयगुटू गांव का निवासी था। घटना बीती रात की बताई जा रही है। चार नक्सली रमेश के घर पहुंचे, जिनमें से दो के पास हथियार थे। नक्सलियों ने दरवाजा खटखटाकर रमेश को बाहर बुलाया और फिर जबरन उसे घर से घसीटकर ले गए।

परिवार वालों ने बताया कि रमेश की पत्नी ने नक्सलियों को रोकने की कोशिश की और विरोध किया। इस पर नक्सलियों ने उसे आश्वासन दिया कि रमेश को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा और वह जल्द ही वापस आ जाएगा।

इसके बाद नक्सली रमेश को गांव से थोड़ी दूर ले गए। वहां उन्होंने रमेश की बेरहमी से पिटाई की और उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद नक्सली मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने रमेश का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले लिया।

वहीं, स्थानीय सूत्रों का कहना है कि नक्सलियों ने रमेश पर पुलिस को सूचना देने यानी मुखबिरी का आरोप लगाया था। इसी आरोप में उन्होंने उसकी हत्या की हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।

गौरतलब है कि इन दिनों सारंडा के छोटानगरा और जराईकेला समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल विरोधी बड़े अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में यह घटना नक्सलियों की सक्रियता को फिर से उजागर करती है।

पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और नक्सलियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। स्थानीय लोग इस घटना से काफी आक्रोशित हैं और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

--आईएएनएस

एएस/