Aapka Rajasthan

झारखंडः गढ़वा में अपहरण का मामला पांच घंटे में सुलझा, युवक सकुशल बरामद, दो गिरफ्तार

गढ़वा, 4 जून (आईएएनएस)। झारखंड के गढ़वा जिले में पुलिस ने घटना के पांच घंटे के भीतर अपहरण और फिरौती मांगने के एक मामले का खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
 
गढ़वा के एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 3 जून को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एलएनटी कंपनी में पाइप फिटर के पद पर कार्यरत मुरारी तिवारी का अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया है और उनकी रिहाई के बदले परिजनों से फिरौती की मांग की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मझिआंव थाना क्षेत्र के चंदना गांव में छापेमारी की और इस दौरान शेख अंसार और नदीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपहरण की साजिश और घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

आरोपियों ने बताया कि अपहृत युवक के परिजनों से ऑनलाइन स्कैनर के माध्यम से 30 हजार रुपए मंगवाए गए थे। उन्होंने वारदात में शामिल अन्य अपराधियों के नामों की भी जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस के अनुसार, लगातार दबिश और गिरफ्तारी की आशंका के कारण अपराधियों ने अपहृत मुरारी तिवारी (32) को चंदना और रमना के बीच छोड़ दिया और फरार हो गए। पुलिस ने युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पीड़ित मुरारी तिवारी ने पुलिस को बताया कि 3 जून को वह सगमा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के समीप कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे सफेद बोलेरो में सवार छह लोगों ने उनका अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने उनकी रिहाई के बदले 7.5 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।

इसके अलावा परिजनों से 30 हजार रुपए ऑनलाइन भी वसूले गए। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर धुरकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी