झारखंड : दुमका में मामूली विवाद में बेटे की पीट-पीटकर हत्या, माता-पिता हिरासत में
दुमका, 19 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में खाना फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद युवक के माता-पिता ने ही उस पर कुदाल और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पहचान महेश मांझी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर में खाना फेंकने को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि इसी दौरान महेश के पिता गोवर्धन मांझी और मां फूलों देवी ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महेश के माता-पिता को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामूली विवाद ने इतना गंभीर रूप कैसे ले लिया और घटना के समय घर में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे या नहीं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारणों तथा वारदात की परिस्थितियों के बारे में अधिक जानकारी सामने आ सकेगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा और सनसनी का माहौल है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए माता-पिता से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके
