Aapka Rajasthan

झारखंडः बोकारो में युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंका, एक आरोपी गिरफ्तार

बोकारो, 21 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर युवक का शव जंगल स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और डंडा भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चंदनकियारी क्षेत्र के बरमसिया ओपी निवासी सागर कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ दिनों से लापता था।
 
परिजनों की शिकायत पर बरमसिया ओपी में कांड संख्या 85/2026 दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। चास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वेदांत शंकर ने मंगलवार को बताया कि जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सागर कुमार को अंतिम बार भवानीडीह निवासी 50 वर्षीय मानिक मांझी के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर मानिक मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को आगड़डीह गांव के समीप सिद्धाटांड स्थित जंगल के एक कुएं में फेंक दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुएं से शव बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक डंडा भी बरामद कर जब्त कर लिया है।

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटना की पूरी पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम