झारखंड: बोकारो में रेलवे ट्रैक से तीन युवकों के शव बरामद, इलाके में सनसनी
बोकारो, 4 जून (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिले में रेलवे ट्रैक से तीन युवकों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार सुबह राधानगर पंचायत के समीप लावाटांड़ क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे तीन शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की।
घटनास्थल बोकारो रेलवे स्टेशन से लगभग आठ से नौ किलोमीटर दूर स्थित है। प्रारंभिक जांच के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मृतकों में से एक युवक की पहचान घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर बबलू सोरेन के रूप में हुई है। वह गोमिया प्रखंड के बरकी पुनु गांव निवासी सूरजलाल सोरेन का पुत्र बताया गया है। दूसरे मृतक की पहचान स्थानीय स्तर पर दीपक सोरेन के रूप में की गई है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तीसरे युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क कर रही है और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के समीप से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक किसी ट्रेन की चपेट में आए होंगे। हालांकि अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके
