झारखंड भाजपा प्रभारी पटेल ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना, भ्रष्टाचार, घुसपैठ और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
रांची, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने मंगलवार को राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, रोजगार, छात्र आंदोलन और कथित घुसपैठ के मुद्दे पर तीखा जुबानी हमला बोला।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित अपनी पहली प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि दो दिवसीय झारखंड प्रवास के दौरान विभिन्न जिलों में लोगों से बातचीत के बाद उन्हें राज्य की स्थिति चिंताजनक लगी है।
पटेल ने आरोप लगाया कि 2019 से झामुमो, कांग्रेस और राजद की सरकार राज्य में रही है, लेकिन जनता को विकास के नाम पर निराशा मिली है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के मामले में सरकार अपेक्षित काम नहीं कर सकी है। उनके मुताबिक गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े, महिलाएं, किसान और युवा सरकार के कामकाज से परेशान हैं।
भाजपा नेता ने राज्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि बालू, कोयला, पत्थर और अन्य खनिज संसाधनों के साथ जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की राशि में भी अनियमितता हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रही है।
पटेल ने हाल के छात्र आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने झारखंड लोक सेवा आयोग, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा, उत्पाद सिपाही और स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक भर्ती समेत कई परीक्षाओं का उल्लेख किया और सरकार पर युवाओं के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।
उन्होंने राज्य में घुसपैठ को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। साथ ही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा वास्तविक मतदाताओं को जोड़ने और अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया के पक्ष में है।
पटेल ने राज्य की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या, लूट, अपहरण और गोलीबारी जैसी घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने के साथ जनता से जुड़े मुद्दों को आगे भी उठाएगी और सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद थे। पटेल ने सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा काल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच
