Aapka Rajasthan

झारखंड : भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच और छात्रों पर दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग तेज, भाजपा ने मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन

रांची, 2 सितंबर (आईएएनएस)। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआई जांच और छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग को लेकर भाजपा ने बुधवार को राज्य सरकार पर दबाव बढ़ाया। पार्टी नेताओं ने मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर दोषी अधिकारियों और आयोग के जिम्मेदार सदस्यों पर कार्रवाई की भी मांग की।
 

रांची, 2 सितंबर (आईएएनएस)। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआई जांच और छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग को लेकर भाजपा ने बुधवार को राज्य सरकार पर दबाव बढ़ाया। पार्टी नेताओं ने मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर दोषी अधिकारियों और आयोग के जिम्मेदार सदस्यों पर कार्रवाई की भी मांग की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी के कई सांसद-विधायक और प्रदेश कमेटी के पदाधिकारी मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपने प्रोजेक्ट भवन पहुंचे। भाजपा नेताओं ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों में लगातार आक्रोश है और सरकार को उनकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

ज्ञापन में भाजपा ने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की विभिन्न परीक्षाओं में व्यापक स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। इन मामलों को लेकर छात्रों ने करीब एक महीने तक शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया। पार्टी का आरोप है कि छात्र आंदोलन की आवाज को दबाने के लिए आंदोलन के दौरान और उसके बाद राज्य के विभिन्न थानों में छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

भाजपा ने छात्र आंदोलन के दौरान और उसके बाद छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकी तत्काल रद्द करने की मांग की है। ज्ञापन में पार्टी ने छात्र आंदोलनों से जुड़ी प्राथमिकी को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का भी हवाला दिया है। भाजपा ने उन जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच की अनुशंसा करने की मांग की है, जिन्हें कथित धांधली के कारण रद्द या स्थगित किया गया है। पार्टी का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है, ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

ज्ञापन में भाजपा ने आयोग के अध्यक्ष की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मामले में समान रूप से जिम्मेदार आयोग के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। पार्टी ने जांच में दोषी पाए जाने वाले सदस्यों की गिरफ्तारी की मांग की है। पार्टी ने उन वरिष्ठ पदाधिकारियों की भूमिका की जांच की भी मांग की है, जिनके अधीन काम करने वाले कनिष्ठ कर्मचारियों को कथित परीक्षा धांधली के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

पार्टी ने कहा है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश भाजपा अध्य़क्ष आदित्य साहू ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार छात्रों से जुड़ी इन मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं करती है, तो पार्टी आंदोलन करेगी। पार्टी ने कहा कि ऐसी स्थिति के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार होगी।

मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपने पहुंचे नेताओं में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राष्ट्रीय मंत्री सह सांसद प्रदीप वर्मा, सांसद बीडी राम, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी तथा विधायक नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, मंजू देवी, शशि भूषण मेहता, आलोक चौरसिया, रोशन लाल चौधरी, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, नागेंद्र महतो और राज सिन्हा शामिल रहे।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके