झारखंड: अवैध शराब के धंधे के खिलाफ छापेमारी करने गई टीम पर हमला, एक अधिकारी घायल
चाईबासा, 3 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा के निकट आरगुंडी गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम को ग्रामीणों के हिंसक विरोध का सामना करना पड़ा। छापेमारी के दौरान हुए हमले में विभाग के सहायक अवर निरीक्षक मंटू अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीर-धनुष और पारंपरिक हथियारों के साथ मौके पर जुटी भीड़ ने उत्पाद विभाग की टीम को खदेड़ दिया।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग के किनारे स्थित आरगुंडी गांव के एक मकान में अवैध शराब तैयार की जा रही है।
सूचना की पुष्टि के लिए विभाग की 8-10 सदस्यीय टीम गांव पहुंची और चिन्हित घर में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान घर के भीतर मौजूद एक व्यक्ति ने अचानक तेजधार हथियार से टीम पर हमला कर दिया। हमले का मुख्य निशाना सहायक अवर निरीक्षक मंटू अग्रवाल बने, जिनके गर्दन और पीठ पर गंभीर वार किए गए। घटना से अफरातफरी मच गई।
अन्य जवानों ने किसी तरह खुद को बचाया और बाहर निकल आए। बताया जाता है कि हमले के बाद गांव में शोर फैल गया और कई ग्रामीण तीर-धनुष और पारंपरिक हथियारों के साथ मौके पर जुट गए। स्थिति तनावपूर्ण होती देख टीम ने तत्काल पीछे हटना उचित समझा।
घायल अधिकारी को तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। घटना की सूचना मिलते ही उत्पाद आयुक्त निरंजन तिवारी अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारी से मुलाकात कर की। घटना के बाद चाईबासा मुफस्सिल थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई है। थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल गांव पहुंचा और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस सूत्रों का दावा है कि हमले में शामिल एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच
