Aapka Rajasthan

झारखंड : 110वीं जयंती पर याद किए गए पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भाजपा नेताओं ने 'अंत्योदय' के संकल्प को दोहराया

रांची, 25 सितंबर (आईएएनएस)। एकात्म मानववाद के प्रणेता और अंत्योदय के प्रेरणास्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर राजधानी रांची के दीनदयाल नगर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
 

रांची, 25 सितंबर (आईएएनएस)। एकात्म मानववाद के प्रणेता और अंत्योदय के प्रेरणास्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर राजधानी रांची के दीनदयाल नगर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, राज्य के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक सीपी सिंह, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, तथा जिला अध्यक्ष वरुण साहू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कर्मठ कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और सिद्धांतों को याद करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का संकल्प दोहराया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचार, जीवन दर्शन, सिद्धांत और अंत्योदय की भावना राष्ट्रसेवा के पथ पर हम सभी को सदैव प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन समाज के वंचित और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा, और उनका दिखाया मार्ग आज भी जनसेवा के लिए सबसे बड़ा मार्गदर्शक है।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें महान विचारक बताते हुए कहा कि 'एकात्म मानववाद' का उनका विचार और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का संकल्प ही भारतीय जनता पार्टी का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि पंडित जी की नीतियां और उनके विचार हमें निरंतर राष्ट्रसेवा और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा का साधन माना। उनके एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचार आज भी कार्यकर्ताओं को समाज के कमजोर और वंचित वर्ग तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए पदचिह्नों पर चलने और उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके