Aapka Rajasthan

जेवर एयरपोर्ट के पार्किंग अंडरपास में भरा बारिश का पानी, 30 मिनट में स्थिति सामान्य: एयरपोर्ट अथॉरिटी

ग्रेटर नोएडा, 12 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र को टर्मिनल से जोड़ने वाले मार्ग में बेहद तेज बारिश के बाद पानी भरने की घटना सामने आई। कम समय में हुई अत्यधिक बारिश के कारण बारिश का पानी पार्किंग एरिया की ओर जाने वाले अंडरपास/मार्ग में प्रवेश कर गया। पानी भरने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी निकालने का काम शुरू किया।
 

ग्रेटर नोएडा, 12 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र को टर्मिनल से जोड़ने वाले मार्ग में बेहद तेज बारिश के बाद पानी भरने की घटना सामने आई। कम समय में हुई अत्यधिक बारिश के कारण बारिश का पानी पार्किंग एरिया की ओर जाने वाले अंडरपास/मार्ग में प्रवेश कर गया। पानी भरने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी निकालने का काम शुरू किया।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, करीब 30 मिनट के भीतर पानी को साफ कर मार्ग को सामान्य कर दिया गया। घटना के बाद यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ समय के लिए यातायात को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया। इस दौरान यात्रियों को किसी बड़ी परेशानी से बचाने के लिए उन्हें सीधे टर्मिनल के कर्ब एरिया पर ही पिकअप की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि जलभराव की घटना का हवाई सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा और किसी भी फ्लाइट को बाधित या रद्द नहीं किया गया। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि बेहद कम समय में हुई भारी बारिश के चलते टर्मिनल और पार्किंग क्षेत्र के बीच बने मार्ग में पानी प्रवेश कर गया था। एयरपोर्ट टीमों ने स्थिति पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए पानी को हटाया। यात्रियों की सुविधा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्ते से संचालित किया गया।

प्रबंधन के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया के दौरान एयरपोर्ट के संचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़ा। एयरपोर्ट प्रबंधन ने यह भी कहा है कि घटना की विस्तृत समीक्षा की जा रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि अत्यधिक बारिश के दौरान पानी मार्ग में किस तरह प्रवेश कर गया और जल निकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए किन सुधारों की आवश्यकता है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित स्थान पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में भारी बारिश के दौरान ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश का दौर जारी है। कई स्थानों पर कम समय में तेज बारिश होने के कारण सड़कों, अंडरपास और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। ऐसे में जेवर एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण और बड़े परिवहन केंद्र पर जल निकासी व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी मानी जा रही है। हालांकि, सामने आई घटना में एयरपोर्ट प्रबंधन ने समय रहते कार्रवाई करते हुए पानी को कम समय में हटाया और यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की।

प्रबंधन के अनुसार, उड़ानों का संचालन सामान्य रहा और यात्रियों को एयरपोर्ट से आने-जाने में किसी बड़े व्यवधान का सामना नहीं करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि घटना की जांच के बाद आवश्यक तकनीकी और इंजीनियरिंग सुधार किए जा सकते हैं। इससे भविष्य में अत्यधिक बारिश की स्थिति में टर्मिनल, पार्किंग और कनेक्टिंग मार्गों पर जलभराव की समस्या को रोकने तथा यात्रियों की आवाजाही को निर्बाध बनाए रखने में मदद मिलेगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएमटी