Aapka Rajasthan

जेईई एडवांस्ड में देशभर में प्रथम आए बिहार के शुभम कुमार को सीएम सम्राट चौधरी ने दी बधाई

पटना, 1 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) एडवांस्ड 2026 में देशभर में पहला स्थान हासिल करने पर राज्य के शुभम कुमार को बधाई दी। जेईई (एडवांस्ड) 2026 का परिणाम सोमवार को घोषित किया गया, जिसमें दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में पहला स्थान हासिल किया।
 
सीएम सम्राट चौधरी ने शुभम को देश में पहला स्थान प्राप्त करने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "जेईई एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर देशभर में बिहार का नाम गौरवान्वित करने वाले प्रतिभाशाली छात्र शुभम कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"

उन्होंने आगे लिखा कि आपकी अथक मेहनत, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रतिभा ने लाखों युवाओं को प्रेरित करने का कार्य किया है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि आपके उज्ज्वल भविष्य की नई ऊंचाइयों का आधार बने, यही कामना है।

इधर, बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी शुभम को इस सफलता के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बिहार के लाल ने कमाल किया। जेईई एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त करने वाले गयाजी, बिहार के गौरव शुभम कुमार को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं।

उन्होंने आगे कहा, "आपकी यह अभूतपूर्व सफलता अथक परिश्रम, अटूट संकल्प, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रतिभा का परिणाम है। आपने न केवल अपने परिवार और राज्य का मान बढ़ाया है, बल्कि देशभर के लाखों विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का विश्वास भी दिया है। आपका उज्ज्वल भविष्य राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे, यही शुभेच्छा है।"

बता दें कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों, यानी आईआईटी, में दाखिले के लिए आयोजित की गई जेईई (एडवांस्ड) 2026 परीक्षा का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष 17 मई को आयोजित परीक्षा में दोनों पेपरों में कुल 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 56,880 उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की। सफल अभ्यर्थियों में 10,107 छात्राएं शामिल हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी