Aapka Rajasthan

जेडी वेंस को भरोसा, 'इजरायल आगे चलकर यूएस-ईरान डील में होगा शामिल'

वाशिंगटन, 16 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को यकीन है कि इजरायल अंत में पीस डील का हिस्सा बनेगा। जबकि इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट कर दिया कि वो एमओयू का हिस्सा नहीं हैं और उन्हें इसकी जानकारी भी नहीं है।
 
जेडी वेंस को भरोसा, 'इजरायल आगे चलकर यूएस-ईरान डील में होगा शामिल'

वाशिंगटन, 16 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को यकीन है कि इजरायल अंत में पीस डील का हिस्सा बनेगा। जबकि इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट कर दिया कि वो एमओयू का हिस्सा नहीं हैं और उन्हें इसकी जानकारी भी नहीं है।

अमेरिकी मीडिया आउटलेट एनबीसी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में वेंस ने कहा, “जो हम जानते हैं वह यह है कि यह समझौता इजरायल को ज्यादा सुरक्षित बनाएगा और पूरे क्षेत्र को भी अधिक सुरक्षित करेगा।”

वेंस ने आगे कहा कि इस समझौते को लेकर बहुत सारी गलत जानकारी ईरानी और इजरायली मीडिया में फैलाई जा रही है।

उन्होंने कहा, “हम पूरी तरह मानते हैं कि जब इजरायल की जनता को इस समझौते की पूरी जानकारी समझ में आएगी, तो वे इसे मध्य पूर्व में एक नए दौर की शुरुआत के रूप में देखेंगे, जहां शांति और समृद्धि का रास्ता खुलेगा। यही हम चाहते हैं और हमें भरोसा है कि समय के साथ इजरायल भी इससे सहमत होगा।”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में नेतन्याहू की सार्वजनिक आलोचना की और उन्हें सख्त इंसान करार दिया। इसे लेकर पूछे गए सवाल पर वेंस ने कहा, “इजरायल अक्सर एक अच्छा साझेदार है, हमारे हित कई बार मिलते हैं, लेकिन कभी-कभी मुद्दों पर मतभेद भी होते हैं। यह पूरी तरह सामान्य है। हमारे सबसे करीबी सहयोगियों, चाहे वह यूनाइटेड किंग्डम हो या इजरायल, सभी के साथ कभी-कभी असहमति हो जाती है।”

दरअसल, द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने नेतन्याहू को बेहद कठिन शख्स करार दिया था, साथ ही कहा कि नेतन्याहू को अमेरिका का आभारी होना चाहिए क्योंकि अमेरिका की पहल ने क्षेत्र को बड़े संकट से बचाया है।

वहीं, समझौते के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने फॉक्स न्यूज से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति शुक्रवार से पहले ही वाशिंगटन और तेहरान के बीच हुए समझौते को सार्वजनिक करने का फैसला कर सकते हैं।

वेंस के अनुसार, इस समझौते पर अमेरिका और ईरान के नेताओं ने इलेक्ट्रॉनिक रूप से हस्ताक्षर कर दिए हैं, जबकि इसकी औपचारिक और प्रत्यक्ष (इन-पर्सन) हस्ताक्षर प्रक्रिया शुक्रवार को होने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

केआर/