Aapka Rajasthan

सोनेलाल पटेल की जंयती: अमित शाह समेत कई नेताओं ने अपना दल के संस्थापक को किया याद

नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और नंद गोपाल नंदी ने श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें नमन किया।
 

नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और नंद गोपाल नंदी ने श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें नमन किया।

गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "सामाजिक न्याय के अग्रदूत डॉ. सोनेलाल पटेल ने असमानता व अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का सशक्त संदेश दिया। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा, सामाजिक समरसता और गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके विचार और वंचितों को न्याय और सम्मान दिलाने का उनका संकल्प सदैव प्रेरणा देता रहेगा। 'अपना दल' के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर उन्हें नमन।"

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "'अपना दल’ के संस्थापक, सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक एवं जनप्रिय नेता सोनेलाल पटेल की जयंती पर शत-शत नमन। पिछड़ों, वंचितों और किसानों के अधिकारों व सम्मान के लिए आपका संघर्ष, समर्पण और सेवा भाव सदैव प्रेरणादायी एवं स्मरणीय रहेगा।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक्स' पर लिखा, "अपना दल के संस्थापक एवं समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनका आजीवन संघर्ष सदैव प्रेरणादायी रहेगा।"

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल नंदी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "'अपना दल' के संस्थापक, सामाजिक न्याय एवं समरसता के अग्रदूत डॉ सोनेलाल पटेल की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। वंचितों एवं पिछड़ों के अधिकारों व उनके उत्थान के लिए समर्पित उनका संपूर्ण जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।"

बता दें कि सोनेलाल पटेल का जन्म 2 जुलाई 1950 को कन्नौज जिले के बागुलहाई गांव में एक कुर्मी हिंदू परिवार में हुआ था। वह उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक भारतीय राजनीतिज्ञ थे। वह राजनीतिक दल 'अपना दल' के संस्थापक थे। उन्होंने जातिवाद का कड़ा विरोध किया और सामाजिक असमानता के खिलाफ लड़ाई लड़ी। पटेल ने चौधरी चरण सिंह के साथ हाथ मिलाकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और राज्य और देश के अन्य हिस्सों में सामाजिक असमानता और जातिगत शोषण के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों और रैलियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। सोनेलाल पटेल की 2009 में कानपुर में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

--आईएएनएस

ओपी/डीकेपी