जावेद अख्तर के बयान में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं, देश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक: तारिक अनवर
नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने भगवान राम को लेकर जावेद अख्तर के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उसमें कोई आपत्तिजनक बात नहीं है। इसके अलावा, उन्होंने कुलगाम में हुए मुठभेड़, राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयानों और भारत की आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिक्रिया दी। अनवर ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
जावेद अख्तर के भगवान राम पर दिए गए बयान के संबंध में कांग्रेस सांसद ने कहा कि आमतौर पर यह बात कही जाती है कि भगवान राम कण-कण में विराजमान हैं। अख्तर ने इसी बात को दूसरे शब्दों में व्यक्त किया है। इसमें कोई ऐसी बात नहीं है, जिसे आपत्तिजनक माना जाए। बातचीत के दौरान लोग अक्सर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए उनके बयान को लेकर विवाद खड़ा करने का कोई कारण नहीं है।
कुलगाम में हुए मुठभेड़ के दौरान आंतकी को ढेर किए जाने के सवाल पर तारिक अनवर ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई लंबे समय से जारी है। भारत की आजादी के बाद से ही देश के समाज में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं रही है। सभी लोगों ने हमेशा आतंकवाद का विरोध किया है और इसके खिलाफ लड़ाई जारी रखी है।
भाजपा की ओर से राहुल गांधी पर विदेश में जाकर वोट चोरी का मुद्दा उठाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब करने के आरोपों पर भी तारिक अनवर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में संचार के साधन बेहद आसान हो गए हैं। किसी भी देश में कही गई बात दूसरे देशों तक पहुंच जाती है। उन्होंने अमेरिका, कनाडा और फ्रांस का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में होने वाली घटनाओं की जानकारी वहां के लोगों तक पहुंचती है, उसी तरह दूसरे देशों की खबरें भी भारत में आती हैं। ऐसे में राहुल गांधी के बोलने या न बोलने से कोई अंतर नहीं पड़ता। इस तरह के आरोप लगाने का कोई अर्थ नहीं है।
राहुल गांधी के भारत के आर्थिक मंदी के मुहाने पर खड़े होने वाले बयान पर तारिक अनवर ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि भारत पर कर्ज लगातार बढ़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद कर्ज तीन से चार गुना तक बढ़ चुका है। उन्होंने महंगाई में लगातार वृद्धि और बेरोजगारी को भी चिंता का विषय बताया। अनवर ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की थोड़ी भी जानकारी रखने वाला व्यक्ति मौजूदा हालात को देखकर ऐसे सवाल उठा सकता है।
--आईएएनएस
पीएसके
