जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होंगे अरविंद केजरीवाल, परिवार के साथ पहुंचने का ऐलान किया
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे। केजरीवाल ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वह अपने पूरे परिवार के साथ लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में हिस्सा लेने जंतर-मंतर पहुंचेंगे।
उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने की अपील की। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि देश में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के वोट काटे जा रहे हैं और फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं।
उनके मुताबिक, भाजपा को वोट नहीं देने वाले लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने इन अनियमितताओं के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व पर सवाल उठाए और उनके इस्तीफे की मांग की। अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों के वोट काटे जा रहे हैं और मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़े जा रहे हैं। केजरीवाल ने दावा किया कि यह सब ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में हो रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में लोग मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
केजरीवाल ने आम जनता से शनिवार को जंतर-मंतर पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल का मामला नहीं है, बल्कि पूरे देश और उसके लोकतंत्र से जुड़ा सवाल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह स्वयं प्रदर्शन में शामिल होंगे और उनका पूरा परिवार भी इस आंदोलन में हिस्सा लेगा।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले पुलिस की ओर से पार्टी कार्यकर्ताओं को फोन किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं से पूछा जा रहा है कि वे प्रदर्शन में कब पहुंचेंगे, उनके साथ कौन-कौन आएगा और वे जंतर-मंतर तक कैसे पहुंचेंगे।
भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस से कहा कि उसे नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए, न कि उन्हें सीमित करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने की कोशिश कर रही है और कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर डराया-धमकाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। शनिवार को होने वाले प्रदर्शन में आप के विधायक, पार्षद, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल होंगे।
भारद्वाज ने देशवासियों से अपने मताधिकार की रक्षा के लिए इस लड़ाई में भाग लेने की अपील की। आम आदमी पार्टी ने इस प्रदर्शन को लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच
